बांके बिहारी संग होली: ब्रज में उमड़ा आस्था का सैलाब, 11 दिन में 50 लाख भक्त पहुंचे मथुरा

National

मथुरा: ब्रज की होली का खुमार इस बार सारी सरहदों को पार कर गया है। ‘सब जग होरी, जा ब्रज होरी’ की कहावत को चरितार्थ करते हुए इस साल भक्तों के उत्साह ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 11 दिनों में बरसाना, नंदगांव, गोकुल और मथुरा समेत पूरे ब्रज क्षेत्र में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई है। बुधवार को होली के मुख्य पर्व पर वृंदावन की गलियों में पैर रखने की भी जगह नहीं बची।

ग्रहण के बाद बांके बिहारी के आंगन में उमड़ी भीड़
इस बार की होली खास रही, क्योंकि मंगलवार को ग्रहण होने के कारण कई श्रद्धालु दर्शन नहीं कर सके थे। बुधवार की सुबह मंदिर के पट खुलते ही भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। दिन की शुरुआत बांके बिहारी के दर्शन और उनके चरणों में गुलाल अर्पित करने के साथ हुई। क्या बच्चे, क्या बूढ़े और क्या विदेशी मेहमान हर कोई कान्हा के रंग में रंगा नजर आया।
गुलाल और पानी की बौछार से सराबोर हुईं गलियां
वृंदावन की कुंज गलियों का नजारा अद्भुत था। मंदिर की ओर जाने वाले हर रास्ते पर केवल अबीर-गुलाल के बादल छाए थे। ब्रजवासी अपने घरों की छतों और दरवाजों से आने-जाने वाले भक्तों पर रंगों और सुगंधित पानी की वर्षा कर रहे थे। ‘बांके बिहारी लाल की जय’ के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। स्थानीय निवासियों और बाहर से आए श्रद्धालुओं के बीच का अंतर मिट गया और हर कोई बस एक ‘होली हुड़दंगी’ के रूप में नजर आया।

प्रशासन अलर्ट ‘सेवाभाव’ से जुटी पुलिस
लाखों की भीड़ को देखते हुए मथुरा प्रशासन और पुलिस के लिए चुनौती बड़ी थी। एसएसपी मथुरा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा का ध्यान रखें और ‘सेवाभाव’ के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। बांके बिहारी मंदिर के आसपास और वृंदावन की प्रमुख कॉलोनियों में भारी पुलिस बल तैनात है। भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया है, ताकि पैदल चलने वाले भक्तों को परेशानी न हो।

कल भी रहेगा हुजूम
ब्रज में होली का उत्सव अभी थमा नहीं है। प्रशासनिक अनुमान के अनुसार, कल दाऊजी के हुरंगा में भी भक्तों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। ब्रज के अन्य हिस्सों में होने वाले ‘हुरंगा’ आयोजनों के लिए भी लोग बड़ी संख्या में रुक रहे हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *