CM धामी ने राज्यपाल गुरमीत सिंह को दी विदाई, बोले- उत्तराखंड के विकास में उनका योगदान हमेशा रहेगा याद

Uttarakhand

देहरादून: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के कार्यकाल का समापन होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह में उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के पांच साल के कार्यकाल को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी बताते हुए शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवा प्रोत्साहन, पूर्व सैनिकों के कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की जमकर सराहना की। वहीं, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने देवभूमि के लोगों से मिले स्नेह, विश्वास और अपनत्व को अपने कार्यकाल की सबसे अनमोल उपलब्धि बताया।

CM धामी ने राज्यपाल के योगदान को सराहा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्यपाल गुरमीत सिंह ने अपने अनुभव, दूरदर्शी सोच, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में शिक्षा, उच्च शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता मिली।मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्यपाल ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी आवश्यकताओं को करीब से समझा। उन्होंने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, राष्ट्रसेवा और जीवन में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए निरंतर प्रेरित किया। वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शोध, कौशल विकास और नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास को लेकर भी उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे।

युवाओं और महिला सशक्तीकरण के लिए किए उल्लेखनीय प्रयास

सीएम धामी ने कहा कि राज्यपाल गुरमीत सिंह ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष रुचि दिखाई। युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने के उनके प्रयास भी सराहनीय रहे।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और वीर सैनिकों के प्रति राज्यपाल के सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े विषयों पर उनकी संवेदनशीलता हमेशा देखने को मिली।उन्होंने राज्यपाल के स्वस्थ, सुखमय और सफल भावी जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रति उनके योगदान और सेवाभाव को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

‘देवभूमि के लोगों का स्नेह मेरी अनमोल उपलब्धि’- राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह

विदाई समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश सरकार, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात रही।राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों से मिला स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके कार्यकाल की सबसे अनमोल उपलब्धियों में शामिल है। यहां के लोगों का सरल स्वभाव, अतिथि सत्कार, राष्ट्र के प्रति समर्पण और संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ाव उन्हें हमेशा प्रेरित करते रहे।

लोक भवन में भी गणमान्य लोगों ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित विदाई समारोह के अलावा लोक भवन में भी विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों, गणमान्य व्यक्तियों और अधिकारियों ने राज्यपाल गुरमीत सिंह से मुलाकात कर उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए उनके स्नेह और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।इस अवसर पर विभिन्न गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, विधायकगण, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *