मुख्यमंत्री धामी ने बिंदुखत्ता में की दो बड़ी घोषणाएं, लोक कलाकार स्व. प्रह्लाद सिंह मेहरा की स्मृति में बनेगा सांस्कृतिक भवन

Uttarakhand

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय ‘लोक थात’ सांस्कृतिक महोत्सव में शिरकत करते हुए क्षेत्र के विकास और लोक संस्कृति के संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने लोकगायक स्वर्गीय प्रह्लाद सिंह मेहरा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके पैतृक गांव में स्कूल, सहित आवश्यक कार्य कराने तथा बिंदुखत्ता में एक हजार लोगों की क्षमता वाले विशाल सांस्कृतिक भवन के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने जनजागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिंदुखत्ता के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि छोटे क्षेत्रों में भी इस तरह के आयोजन लोक संस्कृति को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि लोक कलाकार केवल मनोरंजन नहीं करते, बल्कि अपनी कला के माध्यम से समाज की संवेदनाओं, संघर्षों और वास्तविक जीवन को सामने लाते हैं।

उन्होंने स्वर्गीय प्रह्लाद सिंह मेहरा को उत्तराखंड की लोक संस्कृति का सच्चा साधक बताते हुए कहा कि उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, माताओं-बहनों का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और सामाजिक चेतना दिखाई देती थी। ‘गर्व भीतेरी बेटी नम्रता’ जैसे गीतों के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान का संदेश दिया, जबकि ‘एजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीतों में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना को अभिव्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कलाकार भले ही हमारे बीच न रहे, लेकिन उसकी आवाज और कला हमेशा जीवित रहती है।

उन्होंने लोक कलाकारों की नई पीढ़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि हरू जोशी, कमल मेहरा और स्वर्गीय पप्पू कार्की के पुत्र सहित अनेक युवा कलाकार उत्तराखंड की संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कलाकारों, मीडिया प्रतिनिधियों और आयोजन समिति का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लोक थात’ का अर्थ है जनता की विरासत। इस तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोकसंगीत, लोककला और पारंपरिक रीति-रिवाजों का संरक्षण कर उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी अपनी जड़ों और लोक संस्कृति से दूर न हो, इसके लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं।

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और केंद्र सरकार के साथ भी लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण, बरसात में गांवों का संपर्क टूटने और पेयजल जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इन विषयों पर गंभीरता से काम कर रही है। केवल आरोप-प्रत्यारोप से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि विकास कार्यों का मूल्यांकन धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों से होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बग्गा चौवन, बापू ग्राम और रामनगर के आसपास के ऐसे क्षेत्रों की समस्याओं का भी स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा में पहली बार पहुंचने पर उन्होंने बिंदुखत्ता और बग्गा क्षेत्र को राजस्व ग्राम बनाने का मुद्दा उठाया था।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण रोकने के कानून, दंगा नियंत्रण कानून, सख्त भू-कानून और अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई को सरकार के महत्वपूर्ण निर्णय बताया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में अब तक करीब 65 प्रतिशत सरकारी घोषणाएं पूरी की जा चुकी हैं। सरकार केवल घोषणाएं करने में नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष स्वर्गीय प्रह्लाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में विकास कार्य कराने और बिंदुखत्ता में सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बड़े भवन की आवश्यकता रखी गई।

इस पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रह्लाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल, समिति की ओर से बताए गए आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। साथ ही बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल हॉल भी बनाया जाएगा, जिससे भविष्य में बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।

मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वागत किया। उन्होंने आयोजन समिति के सभी सदस्यों, कलाकारों और स्वर्गीय लोकगायक के परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और महान कलाकारों की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *