एडीएम की अध्यक्षता में तहसील बालगंगा के आवासीय एवं अनावासीय भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

Uttarakhand

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में तहसील बालगंगा के नव निर्मित आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिलाधिकारी घनसाली मंजू राजपूत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग घनसाली एवं नायब तहसीलदार बालगंगा वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, धनराशि आवंटन एवं गुणवत्ता संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि अनावासीय भवन हेतु 274.40 लाख रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 109.76 लाख रुपये तथा आवासीय भवन हेतु 147.71 लाख रुपये के सापेक्ष 88.62 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। साथ ही द्वितीय किश्त जारी करने की स्वीकृति उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की शर्त के साथ प्रदान की गई है।बैठक में अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान तक लगभग 85 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं तथा निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति 48 प्रतिशत है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्य में विलम्ब के कारणों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि भूमि समतलीकरण एवं चीड़ के वृक्षों के कटान की अनुमति प्राप्त करने में समय लगने से कार्य प्रभावित हुआ। वर्तमान में भूतल की सटरिंग का कार्य प्रगति पर है, जिसे 3-4 दिनों में पूर्ण कर प्रथम तल का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा। वर्षा ऋतु से पूर्व भवन की छत का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में उप जिलाधिकारी घनसाली को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं भौतिक प्रगति का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। साथ ही भवन निर्माण कार्यों का पाक्षिक निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

अधिशासी अभियंता द्वारा जानकारी दी गई कि अनावासीय भवन का कार्य सितंबर 2026 तक तथा आवासीय भवन का कार्य जून 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। यदि किसी कारणवश विलम्ब होता है तो नवंबर 2026 तक निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण करने की बात कही गई।

बैठक में निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *