उत्तराखंड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है. इसी कड़ी में उत्तराखंड में भी कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं. सीएम धामी ने उत्तरकाशी में सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया. वहीं, रुद्रपुर में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश सेवा को लेकर वक्ताओं ने उनके कार्यकाल का उल्लेख किया.
सीएम धामी ने पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तरकाशी स्थित पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की. उन्होंने पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना की. सीएम धामी ने कहा जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की प्रधानमंत्री की यह अविराम यात्रा सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण का प्रेरणादायी अध्याय है.
रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश सेवा को याद करते हुए वक्ताओं ने उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख किया. प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक पद की जिम्मेदारी संभाली थी. इसके बाद 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं.
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अवसर पर उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता की ओर से उन्हें बधाई और धन्यवाद दिया जा रहा है. वक्ताओं के अनुसार, मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष सेवा करते हुए विकसित भारत का लक्ष्य देशवासियों के सामने रखा. इस दौरान जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इन योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने और उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त करने का प्रयास किया गया.
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को रेखांकित करने के साथ ही विकसित भारत के संकल्प से लोगों को जोड़ना भी बताया गया है. उत्तराखंड के सभी 13 प्रशासनिक जिलों में सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सभा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

