टनकपुर में खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ, खटीमा को भी सीएम धामी की बड़ी सौगात

Uttarakhand

उत्तराखंड: टनकपुर में आयोजित खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने शिरकत की. इससे पहले उन्होंने खटीमा गोलीकांड की बरसी पर शहीद स्मारक (खटीमा) पहुंचकर उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अपना अमूल्य योगदान देने वाले शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी. साथ ही खटीमा में सिटी पार्क (ऑक्सीजन पार्क) का लोकार्पण किया. वहीं, खटीमा में स्टेडियम एवं सर्किट हाउस के निर्माण की भी घोषणा की.

खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ करते हुए सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि सरकार लगातार प्रदेश में खेल संस्कृति को नई दिशा दे रही है. नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेडल विजेताओं को ‘आउट ऑफ टर्न’ नौकरी दी जा रही है. इसके तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को नौकरियां दी जा चुकी हैं.

इसके अलावा सीएम धामी ने कहा कि सरकार ने सुनिश्चित किया है कि खिलाड़ियों को उनकी मेहनत का सम्मान समय पर मिलना चाहिए. इस साल 11 करोड़ की पुरस्कार राशि डीबीटी के जरिए खिलाड़ियों के खाते में भेजी जाएगी. साथ ही कहा कि इस साल के खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों की संख्या पिछले साल से ज्यादा होगी. प्रदेश की 70 विधानसभा सीटों की सभी न्याय पंचायतों में इसका आयोजन किया जा रहा है.

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा की जनता को विकास और स्वास्थ्य से जुड़ी बड़ी सौगात दी है. पीलीभीत रोड स्थित नवनिर्मित सिटी पार्क यानी ऑक्सीजन पार्क का सीएम धामी ने लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया. तराई पूर्वी वन प्रभाग की ओर से निर्मित इस विशाल पार्क को सीएम धामी की पहल से विकसित किया गया है.

इस मौके पर सीएम धामी ने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया. वहीं, उन्होंने खटीमा में स्टेडियम और सर्किट हाउस बनाने के साथ ही सिटी पार्क के विस्तारीकरण की भी घोषणा की. मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से खटीमा के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.

लोकार्पण कार्यक्रम में सीएम धामी ने स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार की तरह है. उन्होंने खटीमा के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. खटीमा के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर तैयार की गई ऑक्सीजन पार्क को उन्होंने सौगात बताया.

इस पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, चिल्ड्रन पार्क, ध्यान केंद्र समेत कई सुविधाएं से सुसज्जित किया गया है. सीएम धामी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पार्क खटीमा वासियों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही बेहतर जनसुविधाओं का माध्यम बनेगा.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *