पंतनगर में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि विश्वविद्यालय की गतिविधियों का किया निरीक्षण

Uttarakhand

उत्तराखंड: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पंतनगर दौरे पर हैं. उनके यहां आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. केंद्रीय मंत्री ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के संग्रहालय का निरीक्षण कर कृषि अनुसंधान, नवाचार और किसानों के हित में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के अधिक से अधिक उपयोग पर बल दिया.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के संग्रहालय (म्यूजियम) का निरीक्षण भी किया. भ्रमण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर अबतक की उपलब्धियों, कृषि अनुसंधान, आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों, बीज विकास, फसल संरक्षण, पशुपालन तथा कृषि शिक्षा से जुड़े विभिन्न प्रदर्शनों का अवलोकन किया.

संग्रहालय में प्रदर्शित ऐतिहासिक दस्तावेजों, दुर्लभ तस्वीरों और कृषि विकास की यात्रा को दर्शाने वाली सामग्री में भी उन्होंने विशेष रुचि दिखाई. विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों ने केंद्रीय मंत्री को संस्थान में किए जा रहे नए अनुसंधानों, किसानों के लिए विकसित की गई उन्नत तकनीकों और विभिन्न शोध परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.

विश्वविद्यालय द्वारा बताया गया कि लगातार ऐसी उन्नत तकनीकों पर कार्य किया जा रहा है, जिनसे किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़े, खेती की लागत कम हो और कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके.

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचारों के माध्यम से कृषि क्षेत्र को नई दिशा दी जा सकती है. किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन देने, जल संरक्षण, उन्नत बीजों के विकास और कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देना केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि विश्वविद्यालयों में विकसित तकनीकों का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए.

वहीं, इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय देश के प्रतिष्ठित कृषि शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों में अग्रणी स्थान रखता है. यहां विकसित अनुसंधानों और तकनीकों का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है. केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में कृषि, बागवानी और प्राकृतिक खेती को नई गति मिलेगी तथा किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी.

गौर हो कि, केंद्रीय कृषि मंत्री का यह दौरा कृषि अनुसंधान, नवाचार और किसानों के कल्याण के प्रति केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *